चतरा (CHATRA): चतरा जिले में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (SP) आवास के बाहर दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठाया. घटना में एक निजी सुरक्षा गार्ड की गोली लगने से मौत हो गई.
SP आवास के बाहर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. शुरुआती तौर पर इस मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं रहीं, लेकिन अबतक की पुलिस जांच में सामने आया कि निजी बॉडीगार्ड की हत्या किसी बाहरी हमलावर ने नहीं, बल्कि उसके ही साथी ने की. घटना में एक बॉडीगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी को पुलिस ने हथियार के साथ तत्काल गिरफ्तार कर लिया. मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी बलवीर सिंह बताया गया है. दोनों बिहार के बेलागंज से विधायक मनोरमा यादव के पुत्र एवं चतरा बाईपास निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार विनीत यादव उर्फ रॉकी यादव के निजी अंगरक्षक के रूप में कार्यरत थे.
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार विनीत यादव किसी काम से चतरा स्थित एसपी आवास पहुंचे थे. इसी दौरान बाहर मौजूद दोनों निजी बॉडीगार्डों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक बॉडीगार्ड ने अपनी सर्विस हथियार से साथी पर फायरिंग कर दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने दो राउंड फायरिंग की. पहली गोली पास में खड़ी एक कार की छत पर लगी, जबकि दूसरी गोली सीधे अतुल कुमार की आंख में जा लगी. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से एसपी आवास के आसपास अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. गोली चलाने के बाद आरोपी बलवीर सिंह ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन एसपी आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया. पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद कर लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाए. घटनास्थल से बरामद हथियार, कार और अन्य सबूतों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना की वजह दोनों अंगरक्षकों के बीच आपसी विवाद सामने आया है. हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवाद किन परिस्थितियों में इतना बढ़ा कि उसने हत्या का रूप ले लिया. फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : संतोष कुमार
