Jharkhand

बड़ी खबर: चतरा में एनकाउंटर! राहुल दुबे गैंग के सदस्य के पैर में लगी गोली, पुलिस ने दबोचा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

चतरा (CHATRA): झारखंड के चतरा जिले से बड़ी खबर सामने आई है. कोयलांचल क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मंगलवार सुबह टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. जवाबी कार्रवाई में राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य विकास कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. घायल अपराधी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी की पुष्टि की है.

एसपी ने बताया कि हाल ही में चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में हुई अंधाधुंध फायरिंग के बाद से राहुल दुबे गिरोह की तलाश तेज कर दी गई थी. इस मामले में टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य टंडवा-पिपरवार के सीमावर्ती इलाके में छिपे हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान विकास कुमार घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.

गौरतलब है कि दो दिन पहले राहुल दुबे गिरोह के चार नकाबपोश अपराधियों ने सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में घुसकर करीब 20 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें एक निजी सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था. अपराधियों ने घटनास्थल पर पर्चा छोड़कर वारदात की जिम्मेदारी भी ली थी. इसी घटना के बाद पुलिस लगातार गिरोह के खिलाफ अभियान चला रही थी. ताजा मुठभेड़ को चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. पुलिस पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है, ताकि फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके. साथ ही घटना स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं.