Jharkhand

चतरा में पुल के नीचे मिला 36 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): राजपुर थाना क्षेत्र के गड़िया गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र के पास पुल के नीचे एक युवक का शव मिला. सुबह पुल के नीचे शव पड़ा देख स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इसके बाद लोगों ने राजपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी.

जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही, पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है.

मृतक की हुई पहचान

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान गड़िया गांव निवासी 36 वर्षीय विजय यादव के रूप में हुई है. वह स्वर्गीय धनेश्वर यादव के पुत्र थे. शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है. लोगों का कहना है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को पुल के नीचे फेंका गया हो सकता है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले भी गड़िया गांव में हत्या की एक घटना सामने आई थी. अब इतने कम समय में दूसरी घटना होने से गांव के लोगों में डर का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और घटना के पीछे की सच्चाई जल्द सामने लाने की मांग की है.

राजपुर पुलिस फिलहाल हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विजय यादव की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनका शव पुल के नीचे कैसे पहुंचा.