☰
Jharkhand

बड़ी खबर: झारखंड वन विभाग में बड़ा फेरबदल, 39 अधिकारियों का हुआ तबादला

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

चतरा (CHATRA): झारखंड के वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. इसके तहत चतरा जिले के उत्तरी और दक्षिणी वन प्रमंडल के डीएफओ का तबादला कर दिया गया है. इस फेरबदल में अहमद बेलाल अनवर को चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल का नया डीएफओ बनाया गया है. साथ ही उन्हें चतरा उत्तरी वन प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. यानी अब जिले के दोनों वन प्रमंडलों की जिम्मेदारी उन्हीं के पास होगी. वन एवं पर्यावरण विभाग की अधिसूचना के अनुसार भारतीय वन सेवा और राज्य वन सेवा के कुल 39 अधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है. 

राहुल मीणा और मुकेश कुमार का हुआ तबादला

प्रशासनिक फेरबदल के तहत चतरा उत्तरी वन प्रमंडल के डीएफओ राहुल मीणा को रांची वन प्रमंडल का नया डीएफओ बनाया गया है. वहीं, चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल के डीएफओ मुकेश कुमार का तबादला दुमका वन प्रमंडल में कर दिया गया है. दोनों अधिकारियों को नई जगह पर जिम्मेदारी सौंपी गई है.

गुमला से चतरा भेजे गए अहमद बेलाल अनवर

अहमद बेलाल अनवर इससे पहले गुमला वन प्रमंडल में डीएफओ के पद पर तैनात थे. अब उन्हें चतरा दक्षिणी वन प्रमंडल की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा उत्तरी वन प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा. इस तरह जिले के दोनों वन प्रमंडलों का कामकाज अब एक ही अधिकारी देखेंगे. इस प्रशासनिक बदलाव के बाद चतरा में वन विभाग के कामकाज की जिम्मेदारी अहमद बेलाल अनवर पर होगी. अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारी के साथ जिले में वन संरक्षण, अवैध कटाई पर रोक और वन प्रबंधन से जुड़े कार्यों को किस तरह आगे बढ़ाया जाता है.