चतरा (CHATRA): शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल केसरी चौक पर बुधवार दोपहर मकान के कब्जे और निर्माण को लेकर चल रहा पुराना विवाद अचानक बेहद गंभीर घटना में बदल गया. निर्माण कार्य का विरोध कर रही एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया. इसी दौरान भीड़ के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने माचिस जला दी. इसके बाद महिला आग की चपेट में आ गई और करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गई.
जानकारी के मुताबिक, केसरी चौक स्थित एक मकान को लेकर स्वर्गीय नरेश कसेरा के परिवार और प्रदीप गोस्वामी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों पक्ष इस मामले को लेकर न्यायालय भी पहुंचे थे. परिजनों के अनुसार, कोर्ट ने मामले में प्रदीप गोस्वामी के पक्ष में डिग्री सुनाई थी. हालांकि, इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था. बुधवार को डीसीएम यादव 30 से अधिक युवकों के साथ विवादित मकान पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि वहां कब्जा लेने और निर्माण कार्य शुरू कराने की कोशिश की जा रही थी. इसी का दूसरे पक्ष ने विरोध किया, जिसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए.
निर्माण कार्य का विरोध करते हुए स्वर्गीय नरेश कसेरा की पत्नी ने अचानक अपने शरीर पर पेट्रोल डाल लिया. वह मौके पर मौजूद लोगों को पीछे हटने की चेतावनी दे रही थीं. इसी दौरान वहां अफरातफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ के बीच मौजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने माचिस जला दी. इसके बाद महिला के शरीर पर मौजूद पेट्रोल ने तुरंत आग पकड़ ली. कुछ ही सेकंड में महिला आग की लपटों से घिर गई. उन्हें बचाने की कोशिश में डीसीएम यादव भी मामूली रूप से झुलस गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तत्काल चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि महिला करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी हैं. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जिसने कथित तौर पर माचिस जलाई थी. पुलिस पूरे घटनाक्रम के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है.
