☰
Jharkhand

चतरा के एकलव्य विद्यालय में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, आखिर ऐसा क्या हुआ कि चली गई जान?

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

चतरा (CHATRA): कोई भी माता-पिता अपने बायचो को हॉस्टल में इसलिए रखते है ताकि उनका बच अच्छे से पढे. लेकिन क्या हो जब उनके बच्चे स्कूल या हॉस्टल में ही सुरक्षित ना हो तो? ताज़ा मामला, चतरा जिले के कन्हाचट्टी प्रखंड स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का है जहां सातवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान रविकांत हेंब्रम के रूप में हुई है. वह गिरिडीह जिले के तीसरी प्रखंड अंतर्गत चोरनीतरी गांव का रहने वाला था. छात्र की अचानक मौत से विद्यालय परिसर से लेकर उसके गांव तक शोक का माहौल है.

सुबह अचानक बिगड़ी हालत

जानकारी के अनुसार, रविकांत कन्हाचट्टी प्रखंड के पेलतौल गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था. सोमवार की रात उसने रोज की तरह अपनी पढ़ाई पूरी की और भोजन करने के बाद सोने चला गया. उस समय उसकी तबीयत बिल्कुल सामान्य बताई जा रही थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह उसके साथ ऐसी अनहोनी हो जाएगी. मंगलवार की सुबह अचानक रविकांत की तबीयत बिगड़ गई. उसकी हालत देखकर विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि उस समय छात्र के मुंह से झाग निकल रहा था और नाक से खून बह रहा था. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की और उसे इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा.

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से परिजनों को घटना की सूचना दी गई. बेटे की अचानक मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. चोरनीतरी गांव में भी मातम पसरा हुआ है. परिजनों का कहना है कि रविकांत की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. दूसरी ओर, इस मामले में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.