चाईबासा (CHAIBASA): जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र से एक घटना सामने आई है जहां बंदगांव-कोचांग मुख्य मार्ग पर करकट्टा घाटी के पास सड़क किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक की हत्या सब्बल से गोदकर की गई है. हमलावरों ने कथित तौर पर आखिरी वार के बाद सब्बल को युवक के गले में ही छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए. रविवार को ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी मुखिया करम सिंह मुंडरी को दी. मुखिया ने तुरंत बंदगांव थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और पंचायत प्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.
पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों और बंदगांव-कोचांग मार्ग से गुजरने वाले लोगों से पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान मृतक के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस और मुखिया करम सिंह मुंडरी उसके गांव पहुंचे. मृतक बंदगांव थाना क्षेत्र की सवनिया पंचायत के अंगरिया गांव का रहने वाला बताया गया. परिजनों और ग्रामीणों को घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की पहचान की. पुलिस को घटनास्थल के पास मृतक की बाइक और कुछ अन्य सामान भी मिला है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से मिले सामान और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस हत्या की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
फिलहाल युवक की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है. हत्या से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है और पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है. काफी समय बाद इलाके में इस तरह की सनसनीखेज वारदात सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. सड़क किनारे इस तरह युवक का शव मिलने और हत्या में सब्बल के इस्तेमाल की जानकारी सामने आने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्य सामने आने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और इसमें शामिल आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है.
