Jharkhand

दुखद! बेटों को मौत के मुंह से खींच लाया पिता, लेकिन अपनी जिंदगी हार गया, पढ़िए चाईबासा की हृदयविदारक घटना

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

चाईबासा (CHAIBASA):कहा जाता है कि मां-बाप अपने बच्चों के लिए अपनी जान तक दे सकते हैं.इनके रहते बच्चों पर एक आंच तक नहीं आती. ऐसा ही एक भावुक कर देने वाला मामला चाईबासा के गुवा से सामने आया है, जहां दो बेटों को नदी में डूबता देख एक पिता खुद को नहीं रोक पाया और दोनों को बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा. हालांकि, उसने दोनों बच्चों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल दिया, लेकिन वह खुद गहरे पानी में चला गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई.

पढ़िए चाईबासा की हृदयविदारक घटना

पूरा मामला चाईबासा के गुवा थाना क्षेत्र के लोहार बस्ती का है, जहां निवासी दामु हेंब्रम ने अपने दो बेटों की जान बचाने के दौरान अपनी जान गंवा दी. यह दर्दनाक घटना शुक्रवार सुबह ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में हुई. मिली जानकारी के अनुसार, दामु हेंब्रम अपने दो बेटों के साथ नहाने के लिए कारो नदी गए थे. नहाने के दौरान दोनों बेटे नदी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे. बेटों को संकट में देख दामु हेंब्रम बिना देर किए नदी में कूद पड़े. उन्होंने साहस और सूझबूझ से दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन स्वयं गहरे पानी में डूब गए.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें नदी से बाहर निकालकर गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हृदयविदारक घटना से पूरे गुवा क्षेत्र में शोक की लहर है. सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दामु हेंब्रम के इस साहसिक बलिदान की क्षेत्र में हर कोई भावुक होकर चर्चा कर रहा है. दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे.

रिपोर्ट-संतोष वर्मा