Jharkhand

पश्चिमी सिंहभूम में जमीन विवाद में 3 लोगों की हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जमीन विवाद को लेकर रिश्तों के खून से हाथ रंगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई. मृतकों में पति-पत्नी और परिवार के एक बुजुर्ग शामिल हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीनों शव बरामद किए हैं. घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है.

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को रमिया दोरायबुरू ने टोंटो थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि केन्जरा टोला तारोबबुरू निवासी उनके परिवार के तीन सदस्य अचानक लापता है. शिकायत में जमीन विवाद को लेकर उनकी हत्या किए जाने और शवों को छिपा दिए जाने की आशंका जताई गई थी. लापता लोगों की पहचान राजिन दोरायबुरू, उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू और राजिन के पिता काण्डे दोरायबुरू के रूप में हुई.

बताया गया कि राजिन की उम्र करीब 40 वर्ष, उनकी पत्नी जानो की उम्र लगभग 38 वर्ष और काण्डे दोरायबुरू की उम्र करीब 72 वर्ष थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. टोंटो थाना में कांड संख्या 19/2026 के तहत 26 अगस्त को BNS की धारा 103(1), 238 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया.

घटना की जानकारी पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को दी गई. एसपी के निर्देश पर जगन्नाथपुर के एसडीपीओ राफेल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल बनाया गया. टीम ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इसके बाद उनकी निशानदेही पर तीनों मृतकों के शव बरामद किए गए. साथ ही हत्या में इस्तेमाल खून लगी कुल्हाड़ी भी पुलिस ने बरामद कर ली. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है. पुलिस जमीन विवाद की वजह, हत्या की पूरी परिस्थितियों और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.