चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और डायन-बिसाही के शक में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. घटना खंडकोरी गांव (गाउसाई टोला) की है. यहां एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हत्या में प्रयुक्त खून से सना हथियार भी बरामद किया गया है. मृतका की पहचान शुरू गोप के रूप में हुई है. मृतका का पति देवेंद्र गोप अपने बड़े बेटे रोया गोप और बेटी मनीषा गोप के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा के गेरयामांजर गांव में एक पारिवारिक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गया था. इस दौरान शुरू गोप घर पर अपने दो छोटे बच्चोंजोंगा और पार्वती के साथ अकेली थीं.
इसी बीच गांव का ही रहने वाला पुंडवा उर्फ चोकेसिंकु उनके घर पहुंचा. पूछताछ में आरोपी के बताया है कि उसकी पांच साल की बेटी और उसका बड़ा भाई लंबे समय से बीमार चल रहे हैं. उसे शक था कि शुरू गोप टोना-टोटका कर उसके परिवार को नुकसान पहुंचा रही है. इसी कारण उसने महिला की हत्या की.पुलिस आरोपी चोके सिंकु को घटनास्थल पर ले गई. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया.
हड़िया पिलाने का बहाना बनाकर की हत्या
बताया जाता है कि आरोपी ने हड़िया पिलाने का बहाना बनाकर महिला को घर से बाहर बुलाया और फिर उसे बहला-फुसलाकर पास के तानीबुरु नामक सुनसान झाड़ी क्षेत्र की ओर ले गया. वहां उसने धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. पति घर लौटे तो पत्नी घर पर नहीं मिली.बच्चों से पूछताछ में जानकारी मिली कि वह चोके सिंकु के साथ बाहर गई थी. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. फिर झाड़ी में महिला का शव पड़ा मिला. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पुंडवा उर्फ चोके सिंकु को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
