Jharkhand

ट्रेन के गेट पर बैठकर सफर करना पड़ा भारी, गिरकर यात्री की मौत, जांच में जुटी जीआरपी

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

चाईबासा(CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 के पास एक व्यक्ति का शव मिला है.. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि मृतक शालिमार-कुर्ला एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहा था. बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान वह ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा हुआ था. इसी बीच उसे झपकी आ गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा. हादसा इतना गंभीर था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जीआरपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस को मौके से मृतक का मोबाइल फोन, हेडफोन, मोबाइल चार्जर और कुछ नकद रुपये बरामद हुए हैं. इन सामानों के आधार पर मृतक की पहचान से परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.

इस हादसे का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा. शव को ट्रैक से हटाने और जांच प्रक्रिया पूरी करने के दौरान राउरकेला-टाटा-बादामपहाड़ पैसेंजर ट्रेन का संचालन करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा. हालांकि बाद में स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गईं.

जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी. पुलिस मृतक की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने में लगी हुई है.