CHAIBASA:दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में रेल परिचालन से जुड़े विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा. इस कार्य का असर अक्टूबर महीने में इस रूट से होकर गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा. रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावित ट्रेनों की जानकारी जारी की है. इसके तहत कुल 8 ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है. इनमें 6 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि एक ट्रेन को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा और एक ट्रेन निर्धारित समय से विलंब से रवाना होगी.
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस का परिचालन 6 और 8 अक्टूबर को रद्द रहेगा. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18310 जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस 9 और 11 अक्टूबर को नहीं चलेगी. इसके अलावा ट्रेन संख्या 18105 राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस को 10 अक्टूबर को रद्द किया गया है. वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 18106 जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस 11 अक्टूबर को परिचालित नहीं होगी.
रेलवे ने ट्रेन संख्या 15028 गोरखपुर-हटिया मौर्य एक्सप्रेस को भी 12 अक्टूबर को रद्द रखने का निर्णय लिया है. इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 15027 हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रद्द रहेगी. इस तरह अलग-अलग तारीखों में इन ट्रेनों के रद्द रहने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से तैयार करने की सलाह दी गई है.
वहीं, ट्रेन संख्या 13351 धनबाद-अल्लेपी एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है. यह ट्रेन 13 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे की देरी से रवाना होगी. इसके अलावा ट्रेन संख्या 20818 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस को 4 और 11 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा. बदले हुए रूट के तहत ट्रेन नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन गोमो, आद्रा, मेदिनीपुर, हिजली, भद्रक और कटक होते हुए भुवनेश्वर पहुंचेगी.
दक्षिण पूर्व रेलवे के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें. इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या NTES का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे यात्रियों को ट्रेन के रद्द होने, मार्ग बदलने या समय में बदलाव की जानकारी समय पर मिल सकेगी और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा.
