चाईबासा(CHAIBASA): जिले के मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. टाटानगर–एर्नाकुलम–टाटानगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189/18190) का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव 5 सितंबर, शनिवार से शुरू होने जा रहा है. इसको लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हरिया ने सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी को औपचारिक आमंत्रण भेजा है. दोनों जनप्रतिनिधियों से स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का अनुरोध किया गया है.
मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग लंबे समय से क्षेत्र के रेल यात्रियों की ओर से की जा रही थी. सांसद जोबा माझी ने भी इस मांग को लेकर लगातार रेल मंत्रालय और अधिकारियों के समक्ष पत्राचार किया था. रेल अधिकारियों के साथ हुई बैठकों में उन्होंने मनोहरपुर स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई थी. इसके बाद रेल मंत्रालय ने 28 अगस्त को ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी दे दी. इस फैसले से मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को टाटानगर के साथ-साथ दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों तक रेल यात्रा करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
5 सितंबर को सुबह करीब 6:45 बजे सांसद जोबा माझी मनोहरपुर स्टेशन पर अप टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी. इस मौके पर चक्रधरपुर रेल मंडल के DRM तरुण हरिया, सीनियर DCM आदित्य चौधरी समेत रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहेंगे. प्रायोगिक ठहराव शुरू होने के बाद यात्रियों को इस ट्रेन की सेवा का लाभ मिलेगा. रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है और स्थानीय यात्रियों में भी इसे लेकर उत्साह है.
