Jharkhand

चाईबासा: मूसलाधार बारिश से गुवा खदान जलमग्न, उत्पादन पर लगा ब्रेक, भारी मशीनें पानी में फंसी

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
चाईबासा: मूसलाधार बारिश से गुवा खदान जलमग्न, उत्पादन पर लगा ब्रेक, भारी मशीनें पानी में फंसी

चाईबासा (CHIBASA) : सारंडा के गुवा, बड़ाजामदा, किरीबुरू और मेघाहातुबुरु समेत पूरे क्षेत्र में पिछले 14 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. लगातार बारिश के कारण सड़कों, खदानों और निचले इलाकों में पानी भर गया है. इससे आम लोगों के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं.

गुवा लौह अयस्क खदान पर पड़ा असर

सबसे अधिक असर सेल की गुवा लौह अयस्क खदान पर पड़ा है. खदान के कई हिस्सों में भारी जलभराव होने से उत्पादन कार्य प्रभावित हो गया है. जीरो प्वाइंट सहित कई स्थानों पर पानी भर जाने के कारण भारी मशीनें और वाहन फंस गए हैं. इससे खनन कार्य लगभग ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है.जलभराव के कारण गुवा प्रबंधन की 15 नंबर शॉवेल मशीन, डोजर, कैंपर वाहन सहित कई भारी उपकरण पानी और मलबे में फंस गए हैं. खदान के अंदर बने शेल्टर हाउस, स्टोर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों में भी पानी घुस गया है. कई भारी वाहनों का आधा हिस्सा पानी में डूबा हुआ है, जिससे करोड़ों रुपये की मशीनरी को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है.

आज पूरी खदान जलमग्न हो गई है

इस मामले में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे ने सेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि प्रबंधन केवल उत्पादन लक्ष्य पूरा करने पर ध्यान देता है, जबकि श्रमिकों और मशीनों की सुरक्षा की अनदेखी की जाती है. उनका कहना है कि वैज्ञानिक माइनिंग प्लान के तहत जल निकासी, मजबूत बेंच निर्माण और प्रभावी आपदा प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण आज पूरी खदान जलमग्न हो गई है

मौसम सामान्य होने का इंतजार

रामा पाण्डे ने कहा कि सारंडा क्षेत्र में हर वर्ष भारी बारिश होती है, इसके बावजूद स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित नहीं की गई. यदि पहले से वैज्ञानिक योजना बनाई जाती तो आज यह स्थिति नहीं बनती. उन्होंने यह भी कहा कि गुवा क्षेत्र में रहने वाले सेल कर्मियों और सप्लाई मजदूरों के सरकारी क्वार्टर भी जर्जर हो चुके हैं. अधिकांश घरों की छतों से पानी टपक रहा है, जिससे श्रमिक और उनके परिवार परेशान हैं. लगातार बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में सामान्य जनजीवन प्रभावित है और लोग मौसम सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं.

रिपोर्ट – संतोष वर्मा