Jharkhand

पहले युवती, फिर युवक पर हमला, चाइबासा में भालुओं के आतंक से सहमे ग्रामीण

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
पहले युवती, फिर युवक पर हमला, चाइबासा में भालुओं के आतंक से सहमे ग्रामीण

चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र में भालू के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना सादोमसाई नदी के किनारे की है. जहां शौच के लिए गए युवक पर अचानक दो जंगली भालुओं ने हमला कर दिया. घायल युवक की पहचान ढुका पुरती (35) के रूप में हुई है. शनिवार को युवक नदी किनारे शौच के लिए गया था. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे दो भालुओं ने उस पर हमला बोल दिया. अचानक हुए हमले से युवक संभल नहीं पाया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान बचाने के लिए भालुओं से संघर्ष करने लगा. करीब 10 मिनट तक युवक और भालुओं के बीच संघर्ष चलता रहा.  इस दौरान भालुओं ने उसके सिर, चेहरा, नाक, कान, पीठ और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह घायल कर दिया. गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद ढुका लगातार शोर मचाता रहा. उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे तो भालू जंगल की ओर भाग गए. ग्रामीणों ने युवक को जंगल से बाहर निकाला और गांव पहुंचे. युवक को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों के आतंक से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. 

एक दिन पहले युवती पर किया था हमला
पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक दिन पहले भी भालू के हमले में एक युवती घायल हुई थी.हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के बुरूबलजोड़ी (सरहसोया) जंगल में एक युवती ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए भालू के हमले से अपनी जान बचा ली. शौच के लिए जंगल गई मुक्ता गागराई (22) पर अचानक एक भालू ने हमला कर दिया. इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई. भालू ने उसके सिर, चेहरे, कान, सीने और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला. अचानक हुए हमले के बावजूद मुक्ता ने हिम्मत नहीं हारी और भालू का डटकर मुकाबला किया. करीब पांच मिनट तक भालू और युवती के बीच संघर्ष चलता रहा. इस दौरान मुक्ता गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए अपने पास मौजूद कुल्हाड़ी से भालू पर जोरदार वार कर दिया. वार लगते ही भालू जंगल की ओर भाग गया और उसकी जान बच गई. युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इलाज के लिए युवती को अस्पताल पहुंचाया गया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई हुई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.