ENTERTAINMENT

प. सिंहभूम के गुवा की बेटी प्रियंका मिंज बैंकॉक में दिखाएंगी डांस का हुनर, थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी झारखंड की बेटी

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
प. सिंहभूम के गुवा की बेटी प्रियंका मिंज बैंकॉक में दिखाएंगी डांस का हुनर, थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी झारखंड की बेटी

चाईबासा (CHIBASA) : पश्चिमी सिंहभूम के गुवा की रहने वाली 24 वर्षीय प्रियंका मिंज अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रही हैं. वह 15 जुलाई से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित होने वाली ग्लोबल लीग डांस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. इस उपलब्धि पर गुवा में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोगों ने उनका सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी

प्रियंका अपनी टीम के साथ 15 जुलाई से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित होने वाली ग्लोबल लीग डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी. इस प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के प्रतिभागी शामिल होंगे और प्रियंका अपनी टीम के साथ भारतीय संस्कृति और नृत्य कला का प्रदर्शन करेंगी.

उज्ज्वल भविष्य की कामना

प्रियंका की इस उपलब्धि से पूरे गुवा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है. उनकी सफलता के सम्मान में गुवा के सहचरी ग्रुप की महिलाओं ने एक सम्मान समारोह का आयोजन किया. इस दौरान प्रियंका को पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया. समारोह में मौजूद लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी लगन, मेहनत और प्रतिभा से यह सफलता हासिल की है.

पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात

वक्ताओं ने कहा कि प्रियंका मिंज की उपलब्धि केवल गुवा या पश्चिमी सिंहभूम ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. उनकी सफलता राज्य की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ना चाहती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियंका बैंकॉक में शानदार प्रदर्शन कर भारत, झारखंड और गुवा का नाम रोशन करेंगी.

गौरव बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करेंगी

सम्मान समारोह में प्रियंका मिंज ने सहचरी ग्रुप की महिलाओं और क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है और इससे उन्हें नई ऊर्जा तथा आत्मविश्वास मिला है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश व राज्य का गौरव बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करेंगी.

रिपोर्ट - संतोष वर्मा