Jharkhand

चाईबासा: बंद कमरे से नवविवाहिता का तीन दिन पुराना शव बरामद, पति फरार

Diksha Benipuri
Copy Editor
चाईबासा: बंद कमरे से नवविवाहिता का तीन दिन पुराना शव बरामद, पति फरार

चाईबासा: जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र के सोसोपी गांव में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में बंद कमरे से शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है. घटना के बाद से मृतका का पति लापता है, जबकि मायके पक्ष ने उस पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

मृतका की पहचान लक्ष्मी सिरका के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, बचपन में माता-पिता के निधन के बाद उनका पालन-पोषण रिश्तेदारों ने किया था. करीब एक वर्ष पहले लक्ष्मी ने सोसोपी गांव निवासी सोमा बारजो से प्रेम विवाह किया था. विवाह के बाद दोनों गांव में साथ रह रहे थे.

मृतका के चाचा लादुरा सिरका का आरोप है कि सोमा बारजो ने लक्ष्मी की हत्या कर शव को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और इसके बाद फरार हो गया. गुरुवार को जब मायके पक्ष के लोग लक्ष्मी से मिलने उसके घर पहुंचे तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला. संदेह होने पर कमरे की जांच की गई, जहां अंदर लक्ष्मी का शव पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई.

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने से पहले गांव के कुछ लोग शव के अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर रहे थे. इसकी जानकारी मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया.

थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव लगभग तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और काफी हद तक सड़-गल चुका है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और फरार पति की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.