Jharkhand

चाईबासा में साइबर ठगी: मोबाइल गुम होने के बाद बैंक खाते से उड़ गए ₹1.37 लाख रुपए, दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

चाईबासा(CHAIBASA): जिले से एक ऐसे खबर सामने आई है जिसे सुनकर आप हैरान हो जाएंगे. एक शख्स के मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये से अधिक की अवैध निकासी कर लिया गया. दरअसल यह घटना सदर थाना क्षेत्र के धोबी तालाब इलाके की है, जहां के निवासी सुशील कुमार राम साइबर ठगी के शिकार हुए हैं. उनके खाते से कुल 1 लाख 37 हजार 018 रुपये की अवैध निकासी की गई है. इस धोखाधड़ी के संबंध में पीड़ित सुशील कुमार राम ने 20 जून 2026 को सदर थाने में लिखित शिकायत देकर दो नामजद आरोपियों, बेलाल और मकबूल के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित सुशील कुमार राम के लिए परेशानी की शुरुआत 5 जून 2026 को हुई थी. उस दिन सुबह करीब 9:45 बजे वे चाईबासा के प्रसिद्ध मंगलाहाट सब्जी बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में कहीं उनकी जेब से उनका मोबाइल फोन अचानक गिर गया और गुम हो गया. काफी खोजबीन करने के बाद भी जब मोबाइल नहीं मिला, तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसी दिन सदर थाने में मोबाइल गुमशुदगी की एक प्रारंभिक डायरी भी दर्ज करा दी थी. हालांकि, उन्हें इस बात का कतई अंदाजा नहीं था कि उनका गुम हुआ मोबाइल फोन उनके बैंक खाते को पूरी तरह खाली करने का जरिया बन जाएगा.

इस बड़ी ठगी का खुलासा तब हुआ जब 20 जून को सुशील कुमार राम पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की चाईबासा शाखा में अपने खाते की पासबुक अपडेट करवाने पहुंचे. वहां मौजूद बैंककर्मी ने जब उनका खाता चेक किया, तो बताया कि उनके खाते का बैलेंस पूरी तरह शून्य हो चुका है. यह सुनकर पीड़ित के होश उड़ गए. इसके बाद जब उन्होंने बैंक से अपने खाते का बैंक स्टेटमेंट निकलवाया, तो पता चला कि मोबाइल गुम होने के दिन यानी 5 जून से लेकर 9 जून के बीच अलग-अलग तारीखों में विभिन्न अज्ञात नामों से उनके खाते से पूरी राशि साफ कर दी गई थी. फिलहाल, पुलिस मोबाइल ट्रैकिंग और बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल्स के जरिए नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है.