Jharkhand

चाईबासा: चेकडैम में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहा युवक, NDRF की तलाश जारी

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

चाईबासा(Chaibasa): राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. रांजन और छोटाकांकी गांव की सीमा पर बने चेकडैम में नहाने के दौरान एक युवक तेज पानी के बहाव में बह गया. हादसे के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल पाया है. उसकी तलाश में ग्रामीणों के साथ पुलिस और NDRF की टीम जुटी हुई है. लापता युवक की पहचान छोटाकांकी गांव निवासी कपूर प्रधान के बेटे प्रद्युम्न प्रधान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि प्रद्युम्न स्कूली बच्चों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का काम करता था. रोजाना की तरह बच्चों को छोड़ने के बाद वह दोपहर में अपने दो दोस्तों के साथ रांजन-छोटाकांकी चेकडैम पहुंचा था. तीनों युवक वहां नहाने के लिए पानी में उतरे थे.

अचानक बढ़ा पानी का बहाव, तलाश में जुटी NDRF

बताया गया कि तीनों के पानी में उतरने के कुछ देर बाद ऊपरी इलाके से अचानक पानी का बहाव तेज हो गया. जलस्तर बढ़ने के साथ चेकडैम में पानी का दबाव भी बढ़ गया. इसी दौरान तेज धारा की चपेट में आने से प्रद्युम्न अपना संतुलन खो बैठा और पानी में बह गया. उसके दोनों साथी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोगों ने जाल और रस्सियों की मदद से युवक को खोजने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली. इसके बाद राजनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया.

थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के अनुसार, जिला प्रशासन के निर्देश पर NDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया है. प्रशिक्षित गोताखोर मोटरबोट और अन्य उपकरणों की मदद से चेकडैम से लेकर आगे के नदी क्षेत्र तक प्रद्युम्न की तलाश कर रहे हैं. हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं प्रशासन ने लोगों से बढ़े जलस्तर के दौरान चेकडैम और नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है.