चाईबासा (CHAIBASA):झारखंड के चाईबासा जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां पिछले दो दिनों से एक आदिवासी नाबालिग बच्ची लापता है. बताया जा रहा है कि गांव के एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर शादी का झांसा दिया और अपने साथ कहीं ले गया. घरवालों ने दो दिनों तक अपने स्तर पर उसकी खोजबीन की, लेकिन अब तक नाबालिग बच्ची का कोई भी अता-पता नहीं चल पाया है. हालांकि, घरवालों ने अब तक पुलिस में इसकी लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है और अपने स्तर पर ही तलाश कर रहे हैं.
पढ़ें कहां का है पूरा मामला
पूरा मामला चाईबासा के गुवा थाना क्षेत्र के गंगदा पंचायत अंतर्गत एक गांव का है. जहां एक आदिवासी नाबालिग युवती को शादी का झांसा देकर उसी गांव के एक युवक द्वारा अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और ग्रामीणों में चिंता व्याप्त है. परिजनों के अनुसार, युवती की सभी संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है. परिवार के सदस्य रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन में जुटे हुए हैं. काफी प्रयासों के बावजूद युवती का पता नहीं चलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.
अब तक थाने में दर्ज नहीं कराई गई है एफआईआर
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार जल्द ही पूरे मामले की लिखित शिकायत गुवा थाना में दर्ज कराएगा. शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस मामले की जांच शुरू करेगी और युवती की सकुशल बरामदगी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी. घटना के बाद गांव में हल्का तनाव का माहौल है.
रिपोर्ट-संतोष वर्मा
