Jharkhand

चाईबासा ट्रेजरी घोटाला: सरकारी राशि ट्रांसफर मामले में राष्ट्रीय फुटबॉलर पर CID की नजर

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

चाईबासा(CHAIBASA):पश्चिमी सिंहभूम में सरकारी राशि के गबन से जुड़े मामले की जांच अब एक राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉलर तक पहुंच गयी है. एसपी कार्यालय के डीडीओ कोड का दुरुपयोग कर सरकारी खजाने से 26.21 लाख रुपये की निकासी के मामले में जांच एजेंसी सीआईडी ने झारखंड के लिए फुटबॉल खेल चुके गोराचांद मरांडी के बैंक खाते में हुए लेन-देन को भी जांच के दायरे में लिया है.जांच में सामने आया है कि एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में पदस्थापित सिपाही देव नारायण मुर्मू पर सरकारी रिकॉर्ड और कंप्यूटर डाटा में हेरफेर कर कई खातों में रकम ट्रांसफर की. 

26 लाख 21 हजार 717 रुपये की सरकारी राशि अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गयी

आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कुल 26 लाख 21 हजार 717 रुपये की सरकारी राशि अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गयी.सीआईडी की जांच के अनुसार इसी लेन-देन के क्रम में गोराचांद मरांडी के बैंक खाते में 1.67 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए. इसके बाद जांच एजेंसी ने उनके खाते से जुड़े लेन-देन और इस रकम के स्रोत की जांच शुरू कर दी है. मामले में मरांडी की भूमिका को लेकर अभी जांच जारी है.

चार बैंक खातों की जांच

जांच एजेंसी ने अब तक कई बैंक खातों को चिन्हित किया है, जिनमें पोटका, रांची, चाईबासा और ओडिशा के बहलदा स्थित एसबीआई शाखाओं के खाते शामिल हैं. इन खातों में अलग-अलग अवधि के दौरान हुए लेन-देन की जांच की जा रही है.गोराचांद मरांडी ओडिशा के मयूरभंज जिले से ताल्लुक रखते हैं. वह पिछले कई वर्षों से जमशेदपुर की फुटबॉल लीग में सक्रिय हैं और टाटा मोटर्स तथा टाटा स्टील की टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वह झारखंड की ओर से संतोष ट्रॉफी सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी खेल चुके हैं. फिलहाल वह चाईबासा में रहते हैं और जमशेदपुर की फुटबॉल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं.

रिपोर्ट-संतोष वर्मा