Jharkhand

चाईबासा : मनोहरपुर में रुकेगी टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

चाईबासा (Chaibasa): पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर और आसपास के इलाकों के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे बोर्ड ने टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी है. यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर शुरू किया जाएगा. लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे. सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने भी इस मुद्दे को रेलवे अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया था.

27 अगस्त को रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश

रेलवे बोर्ड की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश में ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव देने की स्वीकृति दी गई है. संबंधित रेलवे जोन को सुविधाजनक तिथि से ट्रेन का ठहराव शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. रेलवे प्रशासन को टिकट बिक्री केंद्रों और अन्य माध्यमों से यात्रियों तक नए ठहराव की जानकारी पहुंचाने के लिए भी कहा गया है. अब यात्रियों को ठहराव शुरू होने की आधिकारिक तारीख की घोषणा का इंतजार है.

सांसद जोबा माझी ने बैठक में उठाई थी मांग 

सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में मनोहरपुर की रेल सुविधाओं का मुद्दा उठाया था. उन्होंने रेलवे के जीएम और डीआरएम के सामने टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर में ठहराव की मांग रखी थी. सांसद ने रेलवे अधिकारियों को क्षेत्र के यात्रियों की जरूरतों से अवगत कराते हुए बताया था कि मनोहरपुर तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, पढ़ाई, इलाज, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दूसरे राज्यों की यात्रा करते हैं.

दक्षिण भारत की यात्रा होगी आसान 

टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव शुरू होने से मनोहरपुर के साथ आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुवा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है. विशेष रूप से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे बड़े स्टेशनों तक जाने की जरूरत कम हो सकेगी. इस सुविधा से नौकरीपेशा लोगों के अलावा विद्यार्थियों, व्यापारियों, मरीजों और उनके परिजनों को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी.

स्थानीय लोगों में खुशी 

रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों के लिए यह लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. ठहराव शुरू होने के बाद मनोहरपुर स्टेशन की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में एक नया विकल्प मिलेगा.

रिपोर्ट – संतोष वर्मा