चाईबासा(CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ करने वाले 42 वर्षीय गोरा अंगरिया की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, गांव के 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया के व्यवहार में पिछले कुछ दिनों से बदलाव देखा जा रहा था. परिजनों ने उसे मानसिक रूप से परेशान समझकर पूजा-पाठ और झाड़-फूंक कराने का फैसला किया था. इसी के तहत उसके घर पर धार्मिक अनुष्ठान कराया गया, जिसमें पुजारी गोरा अंगरिया, डाकुवा मुखी राम अंगरिया और कुछ ग्रामीण शामिल हुए. पूजा समाप्त होने के बाद अधिकांश लोग अपने घर लौट गए, जबकि गोरा अंगरिया और डाकुवा वहीं रुक गए. पोंडे राम भी उसी कमरे में सो गया था.
बताया जा रहा है कि वो कमरे में सो रहे पुजारी गोरा अंगरिया पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. हमले में उनकी गर्दन पर गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के समय कमरे में मौजूद डाकुवा मुखी राम कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया. वारदात की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. डाकुवा मुखी राम ने घटना की सूचना गांव के मुंडा गोमा अंगरिया और पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया है.
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नामजद आरोपी पोंडे राम अंगरिया घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. गुरुवार को भी पुलिस टीम बड़ैला गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ कर आरोपी के बारे में सुराग जुटाने का प्रयास किया. पुलिस हत्या के पीछे की वजह समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल वारदात के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है.
