चाईबासा (CHIBASA) : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), पश्चिमी सिंहभूम की ओर से झारखंड में JPSC, JSSC, CGL, उत्पाद सिपाही सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला गया. इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा और छात्र शामिल हुए.
राज्यपाल के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा
आक्रोश मार्च की शुरुआत गीता पेट्रोल पंप, कॉलेज मोड़ से हुई.प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे.यहां उन्होंने राज्यपाल के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में वर्ष 2019 के बाद आयोजित सभी JPSC, JSSC, CGL और अन्य भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच कराने की मांग की गई. साथ ही भर्ती घोटालों में शामिल दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा देने और JPSC के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई.
राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने मांग की कि सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए. ज्ञापन में मुख्यमंत्री से भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की गई.
इसके अलावा उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा के दौरान जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग भी रखी गई.
इस मौके पर पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तियु, दिनेश चंद्र नंदी, राकेश बबलू शर्मा, हेमंत केसरी, चंदन झा, दारे बोदरा, रंजन प्रसाद, अमरेश प्रधान, तीरथ जमुदा, दुर्गावती बोयपाई, केदारनाथ नायक, पंकज खिरवाल, रूपा दास, मुकेश कुमार लल्लू, अजय देवगम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे.
रिपोर्ट –संतोष वर्मा
