Jharkhand

चाईबासा: पेड़ काटने के दौरान हुआ हादसा, ऊंचाई से गिरकर युवक की मौत

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. नोवामुंडी प्रखंड के कोटगढ़ (टोंटोपोसी) गांव में 30 वर्षीय एक युवक की पेड़ काटने के दौरान ऊंचाई से गिरने से मौत हुई है. मृतक की पहचान खिरोद तिरिया के रूप में हुई है. वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और पेड़ काटने का काम करता था. उसकी अचानक मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है. खिरोद तिरिया गांव में एक इमली के पेड़ को काटने के लिए गया था. मशीन की मदद से वह ईमली का पेड़ काट रहा था. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह काफी ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा. आनन फानन में उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से गांव में मातम पसरा है. बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सिर के बल गिरा युवक
युवक सिर के बल जमीन पर गिरा. इसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट लग गई. गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से काफी खून बहने लगा. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. उसकी पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. खिरोद तिरिया अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसी के कंधों पर थी. ऐसे में उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. गांव के लोगों ने भी इस घटना पर दुख जताया है. नोवामुंडी पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच की. ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.