चाईबासा (CHIBASA) : पश्चिमी सिंहभूम में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है. उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग, पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग अपने-अपने अधीन आने वाले प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा संकेतक, चेतावनी बोर्ड, दिशा-सूचक और सावधानी संबंधी संदेश लगा रहे हैं. इनका उद्देश्य वाहन चालकों और राहगीरों को समय रहते सतर्क करना और दुर्घटनाओं से बचाना है.
सावधानी के साथ वाहन चला सकेंगे
प्रशासन की ओर से दुर्घटना संभावित स्थानों, तीखे मोड़ों, पुल-पुलियों, स्कूलों, अस्पतालों और अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से संकेतक लगाए जा रहे हैं. इससे वाहन चालकों को पहले से जानकारी मिलेगी और वे सावधानी के साथ वाहन चला सकेंगे
भावनात्मक अपील करते हुए कहा
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है. उन्होंने लोगों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, "दो मिनट की देरी मंजूर है, लेकिन सुरक्षित घर पहुंचना सबसे जरूरी है. घर पर आपका कोई अपना आपका इंतजार कर रहा है."
नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील
उन्होंने दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि एक सड़क हादसा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है. एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है.
आपके परिवार की सबसे बड़ी सुरक्षा
जिला प्रशासन का मानना है कि सड़क सुरक्षा संकेतकों की स्थापना, लगातार जनजागरूकता अभियान और लोगों के सहयोग से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है. प्रशासन ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की है. प्रशासन का संदेश है—"सड़क पर आपकी सतर्कता ही आपके परिवार की सबसे बड़ी सुरक्षा है. सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें."
रिपोर्ट - संतोष वर्मा
