☰
Jharkhand

36 घंटे की बारिश से सारंडा बेहाल, कारो नदी पर बनी लोहा पुलिया जलमग्न

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

चाईबासा(CHAIBASA): बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के असर से झारखंड-ओडिशा सीमा से सटे सारंडा क्षेत्र में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत आसपास के पहाड़ी इलाकों में पिछले करीब 36 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है. इसके साथ तेज ठंडी हवाएं और घना कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. लगातार बारिश के कारण इलाके में जनजीवन प्रभावित हुआ है. आम लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी खराब मौसम के बीच स्कूल जाना पड़ रहा है. कई बच्चे छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल पहुंचते नजर आए. वहीं, बारिश के कारण बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी और दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ा है.

लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर देखने को मिला. बोकना गांव में पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास कारो नदी पर बनी लोहा पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गई है. नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है. पुलिया के जलमग्न होने के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है. जलस्तर लगातार बढ़ने की स्थिति में आसपास के इलाकों में भी परेशानी बढ़ सकती है. स्थानीय स्तर पर लोगों को नदी और पुलिया की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए गुवा प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिया के ऊपर से पानी बहने के दौरान उसे पार करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. तेज बहाव के बीच ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है. लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने को कहा गया है. प्रशासन ने मछली पकड़ने के लिए नदी में उतरने से भी लोगों को चेतावनी दी है. लगातार बारिश के बीच जलस्तर और मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

रिपोर्ट- संतोष वर्मा