चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से जिला ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से सोमवार को चाईबासा के सनसाइन रेस्टोरेंट में पांचवां खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले विभिन्न खेल संघों के कुल 290 खिलाड़ियों और 33 प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया. सम्मान प्राप्त करने के बाद खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और उनके योगदान को पहचान देना था.
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के राजस्व मंत्री दीपक बिरुवा शामिल हुए. वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, एसडीपीओ बहामन टुटी, अंचलाधिकारी उपेंद्र कुमार और समाजसेवी अनिल खिरवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इनडोर स्टेडियम की मांग
कार्यक्रम के दौरान जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा उठाया. उन्होंने चाईबासा में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण और इनडोर स्टेडियम के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. लेकिन बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और पर्याप्त संसाधनों के अभाव में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. यदि खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत संरचना और प्रशिक्षण की सुविधा मिले, तो वे भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं.
सीमित संसाधनों में भी खिलाड़ी कर रहे बेहतर प्रदर्शन : दीपक बिरुवा
मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री दीपक बिरुवा ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं. यह उनकी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी बधाई के पात्र हैं, जो तमाम कठिनाइयों के बावजूद अपने बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं.
खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंत्री ने कहा कि इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है. जमीन को अंतिम रूप दिए जाने के बाद खिलाड़ियों की मांगों को पूरा करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी.
जिले में विकसित हो स्पोर्ट्स कल्चर : विधायक जगत माझी
एसोसिएशन के संरक्षक और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए लगातार मेहनत करनी होगी. खेल गतिविधियों को व्यवस्थित बनाने के लिए नियमित इवेंट कैलेंडर तैयार किया जाना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिले. उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभागियों की कमी नहीं है, बल्कि खेलों को प्रोफेशनल तरीके से आगे बढ़ाने और मजबूत स्पोर्ट्स कल्चर विकसित करने की जरूरत है. पढ़ाई के साथ खेल को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में जिले से बेहतर खिलाड़ी सामने आ सकें.
खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत प्रशासन : उपायुक्त
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य के लिए इनडोर स्टेडियम से लेकर आवासीय खेल परिसर तक की आवश्यकता है. इस दिशा में स्थल का निरीक्षण भी किया जा चुका है. मंत्री दीपक बिरुवा के मार्गदर्शन में जल्द ही कई योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर डाइट, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और खेल कौशल में सुधार पर विशेष ध्यान देना चाहिए. इसके लिए अभिभावकों को भी बच्चों का लगातार उत्साहवर्धन करना होगा.
विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिला सम्मान
कार्यक्रम का आयोजन पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन प्रकाश और महासचिव अजय कुमार नायक के नेतृत्व में किया गया. समारोह में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे. सभी ने जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया. सम्मानित खिलाड़ियों में ताइक्वांडो, कराटे, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज, जिमनास्टिक, वॉलीबॉल, फुटबॉल, रग्बी फुटबॉल, योग, बॉक्सिंग, तीरंदाजी और साइकिलिंग सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ी शामिल रहे. वहीं, उत्कृष्ट प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को तैयार करने में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया. जिले के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किए जाने से खेल जगत में उत्साह का माहौल रहा. समारोह के दौरान एक बार फिर पश्चिमी सिंहभूम में बेहतर खेल आधारभूत संरचना विकसित करने की मांग प्रमुखता से सामने आई.
रिपोर्ट: संतोष वर्मा
