☰
CAREER

Jharkhand Nursing Admission: GNM कोर्स में दाखिले का आखिरी मौका, जानें जरूरी तारीखें

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

रांची (RANCHI):झारखंड में जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) कोर्स में नामांकन लेने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है. राज्य में GNM कोर्स में दाखिले का एक और मौका दिया जा रहा है. इच्छुक अभ्यर्थी 6 नवंबर से 8 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कर नर्सिंग संस्थानों और कोर्स के विकल्प भर सकेंगे. ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अब तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं की हैउनके लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है.

बता दें कि पर्षद की ओर से 5 नवंबर को नर्सिंग संस्थानों में बची हुई सीटों का डीटेल जारी किया जाएगा. इसके बाद इच्छुक अभ्यर्थी 6 से 8 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर अपनी पसंद के नर्सिंग कॉलेज और कोर्स का चयन कर सकेंगे.

10 नवंबर को जारी होगा सीट आवंटन पत्र

जेसीईसीईबी के 3 नवंबर को जारी सूचना के मुताबिक, ऑनलाइन चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 नवंबर को प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर जारी किया जाएगा. जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 11 से 14 नवंबर के बीच संबंधित नर्सिंग संस्थान में पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा. इसी अवधि में नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी. यह पूरी काउंसलिंग स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की नर्सिंग प्रवेश परीक्षा एवं नामांकन नियमावली-2024 के प्रावधानों के तहत आयोजित की जा रही है.

पहले से एडमिशन ले चुके अभ्यर्थियों को भी मौका

इस अंतिम चरण की काउंसलिंग में जीएनएम प्रवेश परीक्षा-2026 में शामिल सभी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. खास बात यह है कि पहले, दूसरे, तीसरे और विशेष चरण की काउंसलिंग में सीट प्राप्त कर चुके उम्मीदवार भी इसमें शामिल होकर अपना संस्थान बदलने का विकल्प चुन सकते हैं.

हालांकि, इसके लिए एक जरूरी शर्त रखी गई है. यदि पहले से नामांकन करा चुके किसी अभ्यर्थी को अंतिम चरण में नया संस्थान आवंटित होता है, तो पुराने संस्थान में उसका नामांकन स्वतः रद्द हो जाएगा. ऐसी स्थिति में अभ्यर्थी को नए आवंटित संस्थान में ही नामांकन लेना अनिवार्य होगा.

 काउंसलिंग शुल्क

सामान्य, EWS, BC-I और BC-II वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रुपये देने होंगे. वहीं सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग शुल्क 250 रुपये रखा गया है.