बोकारो: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार देर रात तेनुघाट-बोकारो नहर रोड के पास एक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी. राहत की बात रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई. कार सवार दोनों लोगों ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, हालांकि इस दौरान दोनों घायल हो गए.
घायलो में रोहित और बबलू कुमार
घायलों की पहचान जैनामोड़ के ताड़ मोहनपुर निवासी रोहित कुमार और बाबलू कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया. दोनों घायलों को इलाज के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बारिश के कारण हुई दुर्घटना
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने मामा से मिलने जैनामोड़ के ताड़ मोहनपुर से चांपी की ओर गए थे. लौटने के दौरान लगातार बारिश के कारण नहर रोड पर कीचड़ जमा था, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी.स्थानीय लोगों का कहना है कि टुपकाडीह से तेनुघाट तक सड़क की स्थिति काफी खराब है, जिससे बारिश के दौरान हादसे का खतरा बढ़ जाता है. लोगों ने सड़क की मरम्मत और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की है. लगातार बारिश के बीच बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखने वाली बात होगी.