बोकारो (BOKARO): झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना गोमिया थाना क्षेत्र के गोमिया पंचायत स्थित मध्य दुर्गा मंदिर के समीप की है. चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 65 हजार रुपये नकद और लगभग 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. चोरी हुए जेवरात घर में बेटी की शादी के लिए रखे गए थे.
मकान मालिक शिवराम सिंह ने बताया कि वह छठ पूजा मनाने अपने रिश्तेदार के घर गए हुए थे. बीती रात शक्तिपुंज से वापस लौटने के बाद जैसे ही उन्होंने घर का दरवाजा खोला, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. चोरों ने घर में रखी दो अलमारियों और दो बक्सों को तोड़कर खंगाल डाला था. शिवराम सिंह एलआईसी एजेंट हैं. उन्होंने बताया कि चोर घर में रखे करीब 65 हजार रुपये नकद और बेटी की शादी के लिए जमा किए गए लगभग 9 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल गोमिया थाने को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस चोरी के इस मामले में जांच और अनुसंधान में जुटी है. वहीं, पीड़ित परिवार के पड़ोसी और समाजसेवी रोहित यादव ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों को रिश्तेदारों के यहां जाने से पहले भी घर की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास के इलाके में देर रात तक शराबियों और जुआरियों का जमावड़ा लगा रहता है. यदि इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा.
रिपोर्ट: संजय कुमार
