बोकारो (BOKARO): झारखंड के बोकारो जिले से गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रेलवे ट्रैक के किनारे एक साथ तीन युवकों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब 9 किलोमीटर दूर लावाटांड़ क्षेत्र की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
मृतकों की पहचान गोमिया प्रखंड के महुआटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकाहारा पंचायत के मड़वाडीह गांव निवासी बबलू सोरेन, दीपक सोरेन और बाबूराम मुर्मू के रूप में हुई है. तीनों की उम्र करीब 17 से 18 वर्ष बताई जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार तीनों आपस में घनिष्ठ मित्र थे और अक्सर साथ ही रहते थे.
परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम तीनों युवक अलग-अलग समय पर घर से निकले थे. बबलू सोरेन मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था और रात में परिजनों से उसकी आखिरी बार मोबाइल पर बात हुई थी. उसने जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया. वहीं बाबूराम मुर्मू भी शाम को घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला. दीपक सोरेन भी शाम के समय घर से निकला था और फिर उसका कोई पता नहीं चला.
गुरुवार सुबह तीनों के शव रेलवे ट्रैक के पास मिलने की खबर गांव पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया. एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवकों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है. रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन पड़ताल में जुटी हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट : संजय कुमार
