☰
Jharkhand

बोकारो स्टील के क्वार्टर की सीढ़ी गिरी, सात परिवार ऊपरी मंजिल पर फंसे

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बोकारो (BOKARO): बोकारो स्टील के आवासीय क्वार्टरों की स्थिति को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है. सेक्टर-6B में ब्लॉक संख्या 1127 से 1135 के बीच बनी सीढ़ी अचानक भरभराकर गिर गई. सीढ़ी टूटने से ब्लॉक में रहने वाले सात परिवार ऊपरी मंजिल पर फंस गए. राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति सीढ़ी की चपेट में नहीं आया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और बीएसएल की टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद बोकारो स्टील के टीए विभाग के अधिकारी और बोकारो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. सीढ़ी पूरी तरह गिर जाने के कारण ऊपर फंसे लोगों को सामान्य रास्ते से नीचे उतारना संभव नहीं था. इसके बाद प्रबंधन ने परिवारों को सुरक्षित निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की. इस घटना से क्वार्टर में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. इससे पहले सेक्टर-12 में भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है.

सीढ़ी की स्थिति को लेकर अलग-अलग दावे

ब्लॉक में फंसे निवासी मृत्युंजय त्रिपाठी के अनुसार, सीढ़ी पहले से क्षतिग्रस्त नजर नहीं आ रही थी और इसे लेकर उनकी ओर से कोई शिकायत भी नहीं की गई थी. वहीं बोकारो स्टील के अधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि विभाग को कुछ दिन पहले सीढ़ी के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली थी. मरम्मत का काम शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन बारिश के कारण इसे शुरू नहीं किया जा सका. उन्होंने कहा कि फिलहाल लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने की व्यवस्था की जा रही है और इसके बाद मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा.

पुलिस ने शुरू कराया सुरक्षित निकासी का काम

डीएसपी सिटी राजीव रंजन के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. बोकारो स्टील के अधिकारियों के साथ समन्वय कर ब्लॉक में फंसे परिवारों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई शुरू की गई. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के कारण बोकारो स्टील के पुराने आवासीय भवनों की सुरक्षा और समय पर रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

रिपोर्ट –संजीव ओझा