बोकारो (BOKARO): जिले के को-ऑपरेटिव कॉलोनी जगदंबा मेडिकल स्थित डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के क्लीनिक में इलाज के दौरान करीब छह माह के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई. बच्चा चंदनकियारी का रहने वाला था. घटना के बाद परिजनों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. हंगामे के दौरान क्लीनिक के नर्स, कंपाउंडर और चिकित्सक के मौके से चले जाने की बात भी सामने आई. सूचना मिलने पर बीएस सिटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व चिकित्सक से पूछताछ की.
बच्चे के पिता विकास दास के अनुसार, उनका बच्चा शुरू से ही डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के यहां इलाज करा रहा था. शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर उसे क्लीनिक लाया गया, जहां चिकित्सक ने निमोनिया होने की बात कही. इसके बाद दवा देने और भाप दिलाने की सलाह दी गई. परिजनों का आरोप है कि भाप देने के दौरान बच्चे की स्थिति बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. इसके बाद उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. पिता ने मामले में न्याय की मांग की है.
वहीं, चिकित्सक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि बच्चे की स्थिति पहले से ही गंभीर थी. क्लीनिक पहुंचने पर उन्होंने बच्चे को भर्ती करने की सलाह दी थी. परिजनों की सहमति के बाद दवा दी गई और सांस लेने में परेशानी को देखते हुए नेबुलाइजेशन कराया गया. स्थिति बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
इधर, बीएस सिटी थाना के सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों और चिकित्सक दोनों से बात की है. परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं. यदि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट- संजीव कुमार
