Jharkhand

ट्रैफिक जाम बना मुसीबत! बोकारो में बाइक की डिक्की तोड़कर 3.50 लाख लेकर भागे बदमाश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

बोकारो(BOKARO): जिले के चास थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आई है. चास गुरुद्वारा रोड के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया से रुपये निकालकर जा रहे एलआईसी एजेंट दिनेश झा की बाइक की डिक्की से 3.50 लाख रुपये चोरी हो गए. घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, दिनेश झा बैंक से पैसे निकालने के बाद बाइक से किसी व्यक्ति को रकम लौटाने जा रहे थे. इसी दौरान जोधाडीह मोड़ के पास ट्रैफिक जाम लगने के कारण उन्हें बाइक रोकनी पड़ी. इसी का फायदा उठाकर पीछे से आए अज्ञात बदमाश ने बाइक की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखा रुपयों से भरा झोला लेकर फरार हो गया.

इस घटना के बाद दिनेश झा ने बताया कि उनका घर एसएस कॉलेज के पास है और उनकी बेटी की शादी के दौरान उन्होंने किसी व्यक्ति से पैसे उधार लिए थे. उसी रकम को वापस करने के लिए वह बैंक से पैसे निकालकर जा रहे थे. उन्होंने बताया कि बैंक का नया चेकबुक मिला था और उसी से यह पहली बार रकम निकाली गई थी. चोरी हुए झोले में नकदी के अलावा डाकघर का खाता और चेकबुक भी रखा हुआ था. घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद चास थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. पुलिस बदमाशों की पहचान करने के लिए फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात के बाद इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है.