बोकारो(BOKARO): बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापितों का आंदोलन उग्र हो गया है, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के छठे दिन विस्थापित अप्रेंटिस संघ के आंदोलनकारियों ने बोकारो स्टील प्लांट के गेट नंबर 9 और 10 को जाम कर दिया. इसके कारण प्लांट में सामान लेकर आने और बाहर जाने वाले वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है. दोनों गेटों के बाहर वाहनों की लंबी कतार लग गई है, सुबह से ही विस्थापित गेट के बाहर धरने पर बैठे हैं. आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रबंधन आज वार्ता के लिए सामने नहीं आता है, तो कल से प्लांट के अन्य गेटों को भी जाम किया जाएगा.
गेट किया जाम
बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर जारी विस्थापित अप्रेंटिस संघ का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है, भूख हड़ताल के छठे दिन आंदोलनकारियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन से आगे बढ़ते हुए प्लांट के गेट संख्या 9 और 10 को जाम कर दिया. गेट जाम होने से प्लांट में सामान लेकर आने और बाहर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है, इसके कारण गेट के बाहर ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई है.
क्या है विस्थापितों का आरोप
विस्थापितों का आरोप है कि नियोजन के मुद्दे पर प्रबंधन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है,आंदोलनकारियों ने मांग की है कि चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाए और विस्थापितों को उनका अधिकार दिया जाए. आंदोलनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन वार्ता के लिए आगे नहीं आता है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. कल से प्लांट के अन्य गेटों को भी जाम करने की चेतावनी दी गई है, विस्थापितों का कहना है कि आगे की स्थिति के लिए प्रबंधन जिम्मेदार होगा.
रिपोर्ट- संजीव कुमार