☰
Jharkhand

बोकारो में छठ की तैयारी तेज, सिटी पार्क और गरगा डैम में घाटों की सफाई शुरू

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

बोकारो(BOKARO): लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बोकारो में तैयारियां शुरू हो गई हैं. शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई का काम तेज कर दिया गया है. सिटी पार्क और गरगा डैम में घाटों को साफ और व्यवस्थित बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

35 साल से घाट की सफाई कर रहा साधना परिवार

गरगा डैम में छठ पूजा की तैयारियों में साधना परिवार जुट गया है. यह परिवार पिछले 35 वर्षों से लगातार घाट की सफाई और सजावट का काम करता आ रहा है. कमेटी के संतोष कुमार ने बताया कि छठ व्रतियों की सेवा करना ही उनकी कमेटी का मुख्य उद्देश्य है. इसी सोच के साथ हर साल कमेटी के सदस्य मिलकर घाट की सफाई और सजावट करते हैं, ताकि श्रद्धालु साफ-सुथरे माहौल में भगवान सूर्य की उपासना कर सकें.

सिटी पार्क में बीएसएल प्रबंधन ने संभाली जिम्मेदारी

वहीं, सिटी पार्क स्थित छठ घाट पर बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन की ओर से सफाई अभियान चलाया जा रहा है. घाटों और आसपास के इलाकों को साफ करने के लिए मजदूर लगातार काम कर रहे हैं. यहां सफाई कार्य में लगे मजदूरों के मुताबिक, दीपावली तक घाटों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए जरूरी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा.

श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने की तैयारी

छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं. ऐसे में घाटों की सफाई और व्यवस्था को बेहतर बनाना जरूरी है. सिटी पार्क और गरगा डैम में शुरू हुआ सफाई अभियान इसी दिशा में एक अहम कदम है. पूजा से पहले घाटों को तैयार करने के लिए संबंधित लोग और कमेटी के सदस्य जुटे हुए हैं.

अब श्रद्धालुओं को छठ महापर्व का इंतजार है, जब आस्था और भक्ति के साथ व्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे.

रिपोर्ट- संजीव कुमार