बोकारो(BOKARO): दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है. घरों को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीये और सजावट के पारंपरिक सामान तैयार किए जा रहे हैं. बोकारो के चंदनकियारी इलाके में कुम्हार परिवार पिछले तीन महीने से दीपावली की तैयारियों में जुटे हुए हैं. दिन-रात की मेहनत के बाद अब इनके बनाए दीये और सजावटी सामान बाजार तक पहुंचने लगे हैं. इन परिवारों को उम्मीद है कि इस बार दीपावली पर अच्छी बिक्री होगी.
तीन महीने पहले से शुरू हो जाती है तैयारी
चंदनकियारी के कुम्हार परिवारों के लिए दीपावली की तैयारी कोई एक-दो दिन का काम नहीं है. त्योहार से करीब तीन महीने पहले ही मिट्टी के दीये, खिलौने, घरौंदे और सजावट के दूसरे सामान बनाने का काम शुरू हो जाता है. इसमें परिवार के सभी सदस्य अपनी भूमिका निभाते हैं. कोई मिट्टी तैयार करता है, तो कोई चाक पर दीयों को आकार देता है. इसके बाद तैयार सामान को सुखाने और भट्टी में पकाने की प्रक्रिया पूरी की जाती है.
छोटी सी चूक से खराब हो जाती है मेहनत
मिट्टी के सामान तैयार करना जितना आसान दिखाई देता है, उतना है नहीं. मिट्टी को सही आकार देना, उसे अच्छी तरह सुखाना और भट्टी में पकाना काफी सावधानी का काम है. इस दौरान थोड़ी सी भी लापरवाही होने पर कई सामान टूटकर खराब हो जाते हैं. ऐसे में कुम्हार परिवारों को हर स्तर पर मेहनत और सावधानी बरतनी पड़ती है.
पारंपरिक पेशे से जुड़ी हैं कई पीढ़ियां
कुम्हार परिवारों का कहना है कि दीपावली उनके लिए सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि साल भर की मेहनत का फल पाने का मौका भी है. कई पीढ़ियों से परिवार इस पारंपरिक पेशे से जुड़े हुए हैं और पूरे साल दीपावली का इंतजार करते हैं. इनका प्रयास रहता है कि मिट्टी के दीये और सजावटी सामान की कीमत आम लोगों की पहुंच में रहे, ताकि बच्चे और परिवार भी आसानी से खरीदारी कर सकें.
आधुनिक सजावट और बिजली की झालरों के बढ़ते चलन के बावजूद मिट्टी के दीयों की अपनी अलग पहचान बनी हुई है. कुम्हार परिवारों को उम्मीद है कि इस दीपावली लोग स्वदेशी और पारंपरिक मिट्टी के दीयों को प्राथमिकता देंगे. इससे न सिर्फ घरों में रोशनी फैलेगी, बल्कि वर्षों पुरानी इस कला और कुम्हार परिवारों की आजीविका को भी सहारा मिलेगा.
रिपोर्ट- संजीव कुमार