☰
Jharkhand

बोकारो: खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 25 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बोकारो(BOKARO):  आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए बोकारो सिटी इलाके में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. सिटी डीएसपी राजीव रंजन की अगुवाई में बीएस सिटी थाना क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. इस दौरान पुलिस ने करीब 25 लोगों को हिरासत में लिया.

पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही खुले में शराब पी रहे लोगों में भगदड़ की स्थिति बन गई. इस दौरान कई युवकों को भी हिरासत में लिया गया. सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि एसपी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का लक्ष्य है कि आगामी पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो. लोगों को चेतावनी भी दी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों और सरकारी शराब दुकानों के आसपास शराब पीने वालों को पहले चेतावनी दी जा चुकी है. अब ऐसा करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि अभियान का मकसद शहर में अपराध पर अंकुश लगाना और खुले में शराब पीने की गतिविधियों पर रोक लगाना है. पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने की अपील की है.

रिपोर्ट - संजीव कुमार