बोकारो (BOKARO): शहर में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. सिटी डीएसपी राजीव रंजन की अगुवाई में रक्षक राइडर्स, टाइगर मोबाइल और थाना प्रभारियों ने अलग-अलग इलाकों में पेट्रोलिंग की. अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एंटी क्राइम चेकिंग भी की गई.
नया मोड़ पर शराब पी रहे लोग हिरासत में
बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ पर पुलिस सरकारी शराब दुकान के आसपास पहुंची. वहां दुकान के बगल में कुछ लोग एकत्र होकर खुले में शराब पी रहे थे. पुलिस ने इनमें से कई लोगों को हिरासत में लिया. कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोग शराब की बोतलें वहीं छोड़कर भाग निकले.
सभी थाना क्षेत्रों में चला अभियान
विशेष पेट्रोलिंग केवल नया मोड़ तक सीमित नहीं रही. बोकारो सिटी के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जांच की. पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों और सरकारी शराब दुकानों के आसपास शराब पीने वालों को पहले चेतावनी दी जा चुकी है. अब ऐसा करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि अभियान का मकसद शहर में अपराध पर अंकुश लगाना और खुले में शराब पीने की गतिविधियों पर रोक लगाना है. पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने की अपील की है.
रिपोर्ट – संजीव ओझा
