बोकारो (BOKARO): बोकारो में बाइक चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पेटरवार थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से चोरी की कुल 17 मोटरसाइकिल बरामद की हैं. प्रारंभिक जांच में गिरोह का नेटवर्क बोकारो के पेटरवार से लेकर गोला और रामगढ़ तक फैला होने की बात सामने आई है.
मामले की जानकारी देते हुए बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 3 नवंबर की शाम पेटरवार थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. जरीडीह अंचल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पेटरवार और कसमार थाना प्रभारियों समेत पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे दो मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे. पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे. उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया.
पकड़े गए युवकों की पहचान अनुज कुमार और लाल बाबू तुरी के रूप में हुई. पुलिस ने जब दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी अहम जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं और गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया.
एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के सदस्य पहले बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को चिह्नित करते थे. इसके बाद मौका देखकर बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो जाते थे. गिरोह का नेटवर्क पेटरवार, गोला और रामगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था. बरामद मोटरसाइकिलों में पेटरवार थाना क्षेत्र से पहले चोरी हुई तीन बाइक भी शामिल हैं. वहीं, रामगढ़ में हुई कई बाइक चोरी की घटनाओं में भी गिरोह की संलिप्तता के संकेत मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है.
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. एसडीपीओ ने उम्मीद जताई कि इस कार्रवाई से पेटरवार, गोला और आसपास के इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा. उन्होंने यह भी बताया कि अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने के लिए अनुशंसा की जाएगी.
रिपोर्ट: संजय रवानी
