Jharkhand

बोकारो में नकली शराब के धंधे का बड़ा खुलासा, छह महीने से फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

बोकारो (BOKARO): जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में नकली विदेशी शराब बरामद होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब छह महीने से फरार चल रहे कथित मुख्य शराब निर्माता और कारोबारी संतोष महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हजारीबाग जिले के आंगो थाना क्षेत्र स्थित उसके घर पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

थाना प्रभारी शशि शेखर के अनुसार, होली 2026 को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, स्टॉक करने, एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था. इसी अभियान के तहत पुलिस को चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में नकली विदेशी शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी.

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नरकंडी गांव में टावर के पास स्थित सोना महतो के एलबेस्टरनुमा मकान में छापेमारी की थी. तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग ब्रांड के नाम पर तैयार की गई बड़ी मात्रा में नकली विदेशी शराब मिली. पुलिस के अनुसार, मौके से कुल करीब 2688 बोतल शराब बरामद की गई थी.

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मकान मालिक सोना महतो को मौके से गिरफ्तार किया था. उसे पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. हालांकि, मामले में मुख्य आरोपी संतोष महतो पुलिस की पकड़ से बाहर था और लगातार फरार चल रहा था.

पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी. इसी बीच पुलिस को उसके हजारीबाग जिले के आंगो थाना क्षेत्र स्थित घर पर मौजूद होने की जानकारी मिली. सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने वहां दबिश दी और संतोष महतो को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब के इस कारोबार में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े थे. साथ ही शराब तैयार करने, उसकी पैकिंग और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

छापेमारी अभियान में चतरोचट्टी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अनुप रंजन बाखला के अलावा आरक्षी 551 हीरालाल महतो, आरक्षी 351 इंदल चौरसिया, आरक्षी 1608 रामेश्वर यादव, आरक्षी 1315 सहदेव प्रसाद यादव और चालक नागेंद्र महतो शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

रिपोर्ट: संजय कुमार