बोकारो (BOKARO): बेरमो में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप भू-धंसान ने बुधवार को विकराल रूप ले लिया. रविवार से शुरू हुआ सड़क और आसपास की जमीन के धंसने का सिलसिला चार दिनों में करीब पांच फीट तक पहुंच गया. जमीन में लगातार दरारें पड़ने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पांच अस्थायी दुकानें क्षतिग्रस्त
भू-धंसान की चपेट में आने से सड़क किनारे लगी पांच अस्थायी दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं. हालांकि, प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पहले ही दुकानों को खाली करा लिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. हालात को देखते हुए बेरमो प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन ने फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर आवाजाही तत्काल बंद कर दी है. मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और लोगों को धंसे हुए हिस्से से दूर रहने की हिदायत दी गई है.
बेरमो विधायक ने लिया जायजा
देर रात बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क को जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है.
रिपोर्ट – संजीव कुमार
