बोकारो(BOKARO): जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है. आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विदेश गए एक प्रवासी मजदूर की सऊदी अरब में सड़क हादसे में मौत हो गई. मृतक की पहचान चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के केतवारी गांव निवासी 41 वर्षीय सत्येंद्र महतो के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार 25 जून 2026 की रात सऊदी अरब में एक सड़क दुर्घटना में उनकी जान चली गई. सत्येंद्र महतो नवंबर 2024 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे, जहां वह हमद सालेह अल-काफ कॉन्ट्रैक्टिंग एस्टैब्लिशमेंट कंपनी में ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे. परिवार के लिए बेहतर जीवन का सपना लेकर विदेश गए सत्येंद्र की मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.
जैसे ही परिजनों को हादसे की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया. पत्नी, बच्चों और अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है. सत्येंद्र अपने पीछे 21 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी, पुत्र अरविंद कुमार और 13 वर्षीय पुत्र मंगेश कुमार को छोड़ गए हैं. गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं. परिजनों की सबसे बड़ी इच्छा है कि सत्येंद्र का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए ताकि उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जा सके. इसके लिए परिवार ने सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.
घटना के बाद प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है और इससे पहले भी कई झारखंडी मजदूर विदेशों और अन्य राज्यों में काम के दौरान अपनी जान गंवा चुके हैं. उन्होंने रोजगार के अभाव में हो रहे पलायन पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने चाहिए. बोकारो, गिरिडीह और हजारीबाग जैसे जिलों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए विदेश जाते हैं, लेकिन आए दिन उनके साथ होने वाली दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं. यह घटना प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर एक बार फिर कई सवाल खड़े कर रही है.