☰
Jharkhand

बोकारो में सियार का बढ़ा आतंक, महिला पर हमला कर किया घायल

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

बोकारो(BOKARO): जिले के कसमार और जरीडीह प्रखंड के ग्रामीण इन दिनों सियार के बढ़ते हमलों से परेशान हैं. जंगल और आसपास के इलाकों में मवेशी चराने जाने वाले लोगों के लिए अब खतरा बढ़ गया है. आए दिन सियार के हमले की खबरें सामने आ रही हैं. ताजा घटना जरीडीह प्रखंड के बेलडीह पंचायत के आरजू गांव की है, जहां बकरी चराने जंगल गई एक महिला पर सियार ने हमला कर दिया.

चेहरे पर किया सियार ने हमला

आरजू गांव की रहने वाली शांति देवी अपनी बकरियों को चराने के लिए जंगल गई थीं. इसी दौरान अचानक एक सियार ने उन पर हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं. बताया जा रहा है कि सियार ने महिला के चेहरे को निशाना बनाया, जिससे उन्हें काफी चोट आई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला को उपचार के लिए ले जाया गया.

ग्रामीणों में डर, वन विभाग से कार्रवाई की मांग

इस घटना के बाद से आरजू गांव समेत आसपास के इलाकों में डर का माहौल है. खासकर वे लोग ज्यादा चिंतित हैं, जो रोजाना अपने मवेशियों और बकरियों को चराने के लिए जंगल जाते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सियार के हमलों से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है. लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि जंगल जाने वाले ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. फिलहाल इलाके के लोग दहशत में हैं.

रिपोर्ट- संजीव कुमार