☰
Jharkhand

पुल के बगल में बालू का अवैध उत्खनन, निर्माण की मजबूती पर उठे सवाल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

बोकारो (BOKARO): झारखंड के अलग अलग जिलों में अवैध बालू का खनन लगातार बढ़ता जा रहा है. ऐसे में बालू का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. दरअसल, पेटरवार प्रखंड के चांपी में दामोदर नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि पुल के ठीक बगल में दिन के उजाले में धड़ल्ले से बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है. पुल के पिलर खड़े होने के बावजूद आसपास लगातार हो रहे अवैध खनन से पुल की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

ग्रामीणों लगाए आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से निर्माणाधीन पुल के दोनों तरफ ट्रैक्टर लगाकर बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है. इसकी सूचना कई बार प्रशासन को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब जब पुल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच रहा है, तब भी अवैध खनन जारी है. ग्रामीणों का कहना है कि पुल के आसपास इस तरह बालू का उत्खनन होने से उसके पिलर की नींव कमजोर हो सकती है. इससे भविष्य में पुल की उम्र और सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है. ग्रामीणों के साथ भाजपा ने भी इस मामले को लेकर सवाल उठाए हैं.

बोकारो उपायुक्त ने लिया संज्ञान

वहीं, इस मामले में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. चांपी में अवैध खनन का मामला संज्ञान में आया है. अधिकारियों को भेजकर जांच और कार्रवाई की जाएगी. गोरतलब है की झारखंड में अवैध बालू खनन एक गंभीर पर्यावरणीय और आर्थिक समस्या बनी हुई है, जिस पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने कड़े नियम लागू किए हैं और विशेष जांच अभियान शुरू किए हैं.  हाल के महीनों में खान एवं भूतत्व विभाग ने भंडारण स्थलों की जांच और भारी जुर्माने के नए प्रावधान अधिसूचित किए हैं. ऐसे में हर बार अगर अवैध खनन को लेकर खबरे आती रहेंगी तो राज्य को भारी नुकसान उठाना पड़ता रहेगा.

रिपोर्ट- संजीव कुमार