☰
Jharkhand

बोकारो स्टील प्लांट में आठवें दिन भी भूख हड़ताल जारी, विस्थापितों ने विरोध में सभी 11 गेट किया जाम

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

बोकारो(BOKARO): बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विस्थापित परिवारों का आंदोलन अब प्लांट के सभी गेट पर आ गया है, लगातार आठवें दिन भूख हड़ताल जारी रहने के बीच आज विस्थापितों ने बोकारो स्टील प्लांट के सभी 11 गेट जाम कर दिए हैं. आज मेन  गेट को जाम कर देने के बाद पूरी तरह से प्लांट में मजदूर और अधिकारियों का आवागमन बंद हो गया है. प्लांट के अंदर काम करने जाने वाले मजदूरों को भी बाहर रोक दिया गया है, सभी प्लांट के गेट बंद होने से उत्पादन पर भी इसका असर पड़ सकता है. फिलहाल, स्थिति को देखते हुए गेट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. वहीं, पुलिस प्रशासन आंदोलनकारियों और प्रबंधन के बीच वार्ता कराने का प्रयास कर रहा है.

क्या है विस्थापितों की मांग

विस्थापितों की मांग है कि बोकारो स्टील प्लांट में बंद चतुर्थवर्गीय पदों पर बहाली की प्रक्रिया फिर से शुरू की जाए और विस्थापित अप्रेंटिस कर चुके युवाओं को स्थायी नियोजन दिया जाए. आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा.

आंदोलन वापस लेने की अपील

वहीं, बोकारो स्टील प्रबंधन ने औद्योगिक शांति और प्लांट की सुरक्षा का हवाला देते हुए विस्थापितों से आंदोलन वापस लेने की अपील की है. प्रबंधन का कहना है कि प्लांट में कई तरह की खतरनाक गैसों का इस्तेमाल होता है, ऐसे में यदि मजदूरों और अधिकारियों का प्लांट में प्रवेश बाधित होता है, तो सुरक्षा संबंधी खतरा उत्पन्न हो सकता है. फिलहाल, सभी 11 गेट जाम होने से प्लांट में प्रवेश को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, अब देखना होगा कि प्रशासन और प्रबंधन के साथ वार्ता के जरिए इस गतिरोध का कोई समाधान निकलता है या विस्थापितों का आंदोलन और तेज होता है.

रिपोर्ट- संजीव कुमार