बोकारो (BOKARO): पुलिस की पहचान आमतौर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर कार्रवाई करने वाली संस्था के रूप में होती है, लेकिन वर्दी के पीछे एक संवेदनशील इंसान भी होता है, जो जरूरत पड़ने पर लोगों का सहारा बनता है. इसका उदाहरण बोकारो जिले के कथारा ओपी में देखने को मिला, जहां ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम ने मानवता और सामाजिक संवेदना का परिचय देते हुए एक जरूरतमंद दिव्यांग दंपती की आर्थिक मदद की.
मिली जानकारी के अनुसार, गोमिया क्षेत्र के झिरकी गांव निवासी संजय रविदास, पिता सुखदेव रविदास और उनकी पत्नी दोनों दिव्यांग हैं. पति-पत्नी के दिव्यांग होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है. परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. सीमित संसाधनों के बीच जीवनयापन कर रहे इस दंपती को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.
परिवार की कठिन परिस्थितियों की जानकारी जब कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम को मिली, तो उन्होंने मदद के लिए पहल की. उन्होंने कथारा ओपी परिवार की ओर से संजय रविदास को आर्थिक सहयोग प्रदान किया. इस मदद से जरूरतमंद परिवार को कुछ राहत मिली और मुश्किल समय में सहारा मिला.
ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है. स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस मानवीय प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है. लोगों का कहना है कि पुलिस यदि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद के लिए भी आगे आती है, तो इससे आम लोगों के बीच भरोसा और मजबूत होता है.
कथारा ओपी प्रभारी की यह पहल बताती है कि पुलिस की वर्दी केवल जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और इंसानियत का भी परिचय है. जरूरतमंद परिवार की मदद कर उन्होंने यह संदेश दिया कि समाज के कमजोर और असहाय लोगों के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है.
रिपोर्ट: संजय कुमार
