Jharkhand

प्यार में हुआ तकरार तो टावर पर चढ़ गया आशिक! उतारने में पुलिस के छूटे पसीने

Varsha Varma CE
Copy Editor
प्यार में हुआ तकरार तो टावर पर चढ़ गया आशिक! उतारने में पुलिस के छूटे पसीने

बोकारो(BOKARO)   प्यार में लोग क्या-क्या नहीं कर गुजरते. कोई घर छोड़ देता है, कोई परिवार से बगावत कर बैठता है, तो कोई अपनी बात मनवाने के लिए जान जोखिम में डाल देता है. बोकारो जिले के तेलो क्षेत्र में सोमवार को कुछ ऐसा ही हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक अचानक कई फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक को टावर पर चढ़ा देख इलाके में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

घटना चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो की है. युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और काफी ऊंचाई पर जाकर बैठ गया. उसे नीचे उतरने के लिए लोगों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी. युवक की इस हरकत से आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गईजिसके बाद घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस के साथ स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण भी युवक को समझाने में जुट गए. काफी देर तक बातचीत का दौर चलता रहा और आखिरकार लंबे प्रयास के बाद युवक सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आया.

जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. युवक बोकारो-पुरुलिया सीमा क्षेत्र के सिद्धी गांव का रहने वाला है. उसका तेलो की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी कारण दूरियां बढ़ गई थीं, जिससे युवक तनाव में था. युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे अपने साथ थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.