☰
Jharkhand

महिला कांस्टेबल ने पूर्व अधिकारी की पत्नी को जड़ दिया थप्पड़! बीएसएल ईडी आवास घेराव के दौरान हंगामे का वीडियो वायरल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

बोकारो (BOKARO): बोकारो में बीएसएल के ईडी आवास के घेराव के दौरान बुधवार को एक महिला कांस्टेबल ने बीएसएल के पूर्व अधिकारी की पत्नी को थप्पड़ जड़ दिया है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और वायरल वीडियो में महिला कांस्टेबल और पूर्व अधिकारी की पत्नी के बीच बहस और धक्का-मुक्की होती साफ तौर पर दिखाई दे रही है. इसी दौरान कांस्टेबल द्वारा महिला को थप्पड़ मारने का दावा किया जा रहा है.

क्या है मामला 
दरअसल, बीएसएल प्रबंधन की ओर से सेक्टर-12 में स्थित कुछ आवासों को खाली कराने के निर्देश के विरोध में बुधवार को आवास बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रदर्शन किया गया. इसमें बीएसएल के पूर्व कर्मचारी और लाइसेंस के आधार पर आवास में रह रहे लोग भी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर बीएसएल के ईडी आवास का घेराव किया.

प्रदर्शन को देखते हुए बीएसएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. ईडी आवास के आसपास दो स्तर की सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई थी. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. इसी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्व अधिकारी की पत्नी और महिला कांस्टेबल के बीच विवाद की घटना सामने आई.

बताया जा रहा है कि सेक्टर-12 में बीएसएल के कई आवास पूर्व कर्मचारियों और अन्य पात्र लोगों को निर्धारित नियमों के तहत लाइसेंस पर आवंटित किए गए थे. समय बीतने के साथ इन भवनों की स्थिति खराब हो गई. बीएसएल प्रबंधन ने आवासों की जर्जर हालत को देखते हुए उन्हें असुरक्षित क्षेत्र घोषित किया है. इसके बाद संबंधित आवासों को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई.

प्रबंधन का कहना है कि प्रभावित आवासधारियों को दूसरे सेक्टरों में वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने का विकल्प दिया गया है. सेक्टर-11 और सेक्टर-8 में आवास देने की बात कही गई है. हालांकि, प्रदर्शनकारियों और मौजूदा आवासधारियों की इस व्यवस्था को लेकर आपत्ति है. उनका कहना है कि जिन वैकल्पिक आवासों की पेशकश की जा रही है, उनकी हालत भी बेहतर नहीं है. ऐसे में वे सेक्टर-12 के आवास खाली करने के आदेश का विरोध कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आवास खाली कराने से पहले उन्हें बेहतर और सुरक्षित वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाए. इसी मांग को लेकर बुधवार को ईडी आवास का घेराव किया गया. इस दौरान हुई थप्पड़ की घटना ने प्रदर्शन को और चर्चा में ला दिया है.